नारनौल। महेंद्रगढ़ प्रीमियर लीग (एमपीएल) का आयोजन 5 सितंबर से गांव पाली स्थित बीजेडीआरडी खेल स्टेडियम में किया जाएगा। नेक्स्टजेन क्रिकेट फाउंडेशन और स्पोर्ट्स सोसायटी यह लीग आयोजित कर रही है। इसमें जिले की आठ टीमें हिस्सा लेंगी और 170 से अधिक खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे। एमपीएल का उद्घाटन समारोह 5 सितंबर को सुबह 10 बजे आयोजित होगा। टूर्नामेंट के मुकाबले नवंबर तक हर सप्ताह शनिवार और रविवार को खेले जाएंगे। सभी मैच आईपीएल की तर्ज पर आयोजित किए जाएंगे। खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए मैदान पर एंबुलेंस और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था रहेगी। बीजेडीआरडी खेल मैदान में अतिथि और खिलाड़ियों के परिवार के सदस्यों के लिए वीआईपी बॉक्स की व्यवस्था भी की गई है। विजेता टीम को 2 लाख रुपये और उपविजेता टीम को 1 लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा। सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और मैन ऑफ द मैच सहित अन्य पुरस्कार भी दिए जाएंगे। फाउंडेशन सचिव अंकित बालदिया और खजांची रविकांत ने बताया कि लीग की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 5 सितंबर को होने वाले उद्घाटन समारोह में कई गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे। इनमें महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह यादव और नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव शामिल हैं। जिला उपायुक्त अनुपमा अंजलि और जिला पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार भी उपस्थित रहेंगे। भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सुनील सेन और भारतीय कबड्डी खिलाड़ी सचिन तंवर भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।