नारनौल। पशुपालन विभाग के अंतर्गत वर्षों पुराने और जर्जर हो चुके सीमन बैंक कार्यालय भवन की सूरत अब बदलने वाली है। लोक निर्माण विभाग की बी एंड आर शाखा ने भवन के कायाकल्प के लिए 17.16 लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार किया है। इस बजट से भवन का संपूर्ण जीर्णोद्धार कर इसे नया स्वरूप दिया जाएगा। विभागीय प्रक्रिया के तहत पीडब्ल्यूडी ने 15 जून को एस्टीमेट तैयार कर पशुपालन विभाग के उपनिदेशक को सौंपा था, जिसे 20 जून को पंचकूला स्थित विभागीय मुख्यालय भेज दिया गया। बजट की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति में तेजी लाने के लिए पशुपालन विभाग ने जुलाई माह में मुख्यालय को एक रिमाइंडर पत्र भी भेजा था। स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। वर्ष 1970 में जिला ग्रामीण विकास एजेंसी (डीआरडीए) की ओर से निर्मित यह भवन दशकों पुराना होने के कारण काफी बदहाल स्थिति में पहुंच चुका था। मरम्मत कार्य के तहत कार्यालय के नए फर्श, छत, छज्जे, आधुनिक शौचालय, खिड़की-दरवाजे, नया पलस्तर, बिजली की नई फिटिंग और कर्मचारियों व आगंतुकों के वाहनों के लिए पार्किंग शेड का निर्माण कराया जाएगा। बॉक्स: रेवाड़ी रोड पर स्थित सीमन बैंक से जिले के 143 पशु अस्पताल व पशु संस्थानों सहित रेवाड़ी के 62 पशु अस्पतालों में सीमन व तरल नाइट्रोजन गैस की सप्लाई की जाती है। साथ ही इनकी एवज में मिलने वाला पैसा राजस्व के तौर पर सरकारी खजाने में जमा किया जाता है। वर्जन: बजट की मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा और इसे एक साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मरम्मत कार्य पूरा होने से न केवल कर्मचारियों को सुरक्षित माहौल मिलेगा, बल्कि पशुपालकों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। डॉ. रोहताश, सीमन बैंक अधिकारी, नारनौल।