श्रीराम हनुमान गुणगान प्रचार मंडल एवं श्रीराम मेहंदीपुर बालाजी सेवा संघ द्वारा मंगलवार रात छोटा-बड़ा तालाब स्थित एमएलएस कॉलोनी में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल के प्रधान आचार्य क्रांति निर्मल ने की। सर्वप्रथम आचार्य द्वारा यजमान भजनलाल सोनी को परिवार सहित पूजन करवा बाबा की ज्योति प्रज्ज्वलित करवाई। इसके बाद हनुमान चालीसा व रामधुन के साथ सुंदरकांड पाठ का शुभारंभ किया गया, जिसमें पंडित महेश शर्मा, दीपक शर्मा, काशीराम पार्षद व सुरेंद्र सैनी आदि ने सुंदरकांड पाठ के दोहे चौपाइयों का अपने मधुर स्वर से गायन किया। पाठ समापन के बाद भजनों का दौर शुरू हुआ, जिसमें सावन के अंदर भोलेनाथ का गुणगान करते हुए महेश सोनी हे शंभु मेरे भोले नाथ तीनों लोक में तू ही तू व महेश शर्मा ने घाटे वाले बाबा तुमको आना होगा आदि भजन सुनाकर भक्तों को भाव विभोर कर दिया। वहीं आचार्य क्रांति निर्मल ने धमाल सुनकार सभी को झूमने पर विवश कर दिया। इसके बाद यजमान परिवार को भगवान राम का चित्र भेंट कर मंडल द्वारा सम्मानित किया गया। इस मौके पर महेश सोनी, ललित सैनी, अशोक सोनी, विक्रम सोनी, रोकी सोनी, नीरज, पवन सोनी, शुभम, मंजू सोनी, सुमन सोनी व राधिका सैनी सहित काफी संख्या में भक्तजन मौजूद रहे।