नारनौल में बुधवार सुबह तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने पहले ही 17 ओर 18 को पश्चिमी विक्षोभ के असर की संभावना जताई गई थी। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि सक्रिय पश्चिमी मौसम प्रणाली को अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से हल्की नमी मिल रही है। इसी कारण गरज-चमक वाले बादल बने और हरियाणा के पश्चिमी व दक्षिणी हिस्सों में हल्की बारिश हुई। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर छिटपुट ओलावृष्टि से भी इनकार नहीं किया जा सकता। डॉ. मोहन के अनुसार 19 फरवरी को हरियाणा के उत्तरी-पूर्वी जिलों में भी हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। जैसे ही यह पश्चिमी प्रणाली हरियाणा-एनसीआर और दिल्ली क्षेत्र से आगे बढ़ेगी, रात और दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होगी। इसके बाद पश्चिमी हवाओं और तेज धूप के कारण तापमान में दोबारा बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।