कनीना। नगरपालिका सफाई कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत कनीना नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को कनीना रेलवे स्टेशन के मंडी चौक पर हरियाणा सरकार का पुतला फूंककर रोष जताया। कर्मचारियों ने नगरपालिका परिसर से मंडी चौक तक नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। नगरपालिका इकाई के प्रधान अनिल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर काम छोड़कर हड़ताल पर बैठे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अभी तक उनकी समस्याओं का संतोषजनक समाधान नहीं किया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि बार-बार सरकार से बातचीत कर मांगों के समाधान की मांग की जा रही है, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही।ब्लॉक प्रधान अनिल कुमार ने कहा कि सफाई कर्मचारी लगातार अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। सरकार की ओर से मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिए जाने के कारण कर्मचारियों में रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रखने को लेकर कर्मचारी मजबूर होंगे। प्रदर्शन के दौरान अनिल कुमार, योगेश कुमार, सचिन, सुनील कुमार, अशोक कुमार सहित राकेश कुमार, कर्मवीर, नरेंद्र, शशिबाला, बिमला, राजेश, संजय, पवन सहित अन्य सफाई कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका और प्रदर्शन के बाद वापस लौट गए।