इनेलो संसदीय बोर्ड सदस्य एवं जिला प्रभारी पूर्व विधायक रणवीर मंदोला व बोर्ड सदस्य पूर्व विधायक राधेश्याम शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी नेताओं ने हरियाणा सरकार के नए गेहूं खरीद नियमों की कड़ी आलोचना की। राधेश्याम शर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा बनाए गए नए नियम किसान और आढ़ती दोनों के लिए हानिकारक हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर नंबर लिखना, बायोमेट्रिक सत्यापन और मंडी में सीमित समय (सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक) जैसी शर्तें किसानों के लिए परेशानी बढ़ा रही हैं। उन्होंने मांग की कि मंडियों में 24 घंटे आवागमन की अनुमति दी जाए, ताकि किसान अपनी सुविधा अनुसार फसल ला सकें। उन्होंने यह भी कहा कि छोटे किसानों, पशु-गाड़ियों से अनाज लाने वालों और किराए के ट्रैक्टर पर निर्भर किसानों के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। मंडियों में शेड, भंडारण और खानपान जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव भी बड़ी समस्या है। इनेलो नेताओं ने बताया कि पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में राज्यपाल को ज्ञापन सौंप चुकी है और यदि नियम वापस नहीं लिए गए तो प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा। साथ ही ओलावृष्टि से खराब फसलों के लिए उचित मुआवजे की भी मांग की गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार से भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई, निजी स्कूलों की फीस नियंत्रण और जल संरक्षण के लिए प्रभावी नीतियां बनाने की भी अपील की गई। इस अवसर पर सतवीर बडेसरा, छोटेलाल गहली, जसवीर ढिल्लों, नवनीत ढिल्लों, मदनलाल शर्मा, सुरेश चौधरी, जितेंद्र शर्मा, भरपुरसिंह अटेली, जय सिंह सैनी, सतपाल चौधरी छीलरो और अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।