केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के जन्मदिन के अवसर पर उनके समर्थकों ने बुधवार सुबह कनीना से कोसली रोड पर सुरक्षा कवच अभियान के तहत 251 दोपहिया वाहन चालकों को सुरक्षा के लिए हेलमेट भेंट किए। राव समर्थकों ने कार्यक्रम को राव साहब सुरक्षा कवच नाम दिया। उनके समर्थक पार्षद दीपक चौधरी ने बताया कि यह अभियान केवल जन्मदिन मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना अत्यंत आवश्यक है। यह किसी भी दुर्घटना की स्थिति में जीवन रक्षक साबित होता है। कार्यक्रम में शहर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बाइक सवारों को यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हेलमेट केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि सुरक्षा कवच है जो अनमोल जीवन की रक्षा करता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन न दें तथा सभी नागरिक यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। हेलमेट वितरण कार्यक्रम के दौरान रोड पर बिना हेलमेट के चलने वाले दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरण किए गए। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाजहित में एक प्रेरणादायक कदम बताया। इस अवसर पर राव समर्थक मुकेश नंबरदार, पार्षद योगेश, सतीश जांगिड़, मार्केट कमेटी उप प्रधान दीपक गुप्ता, नरेंद्र फौजी, एमई दिनेश कुमार, अनूप यादव, सदर थाना उप निरीक्षक सनेलता, रोहित, अशोक वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।