जिला पुलिस ने शास्त्री नगर में पत्रकार बलवान शर्मा पर हुए हमले की गुत्थी को सुलझाते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनसे वारदात में प्रयोग की गई गाड़ी भी बरामद कर ली है। 18 जनवरी की शाम करीब 6:45 बजे एक पत्रकार बलवान शर्मा जब उसके शास्त्री नगर स्थित आवास (जो उनका कार्यालय भी है) पर मौजूद थे, तभी मुंह पर नकाब पहने कुछ युवकों ने घर में घुसकर हमला कर दिया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। इस मामले में पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ के निर्देश पर डीएसपी भारत भूषण के नेतृत्व में चार टीमों का गठन किया गया। मामले को सुलझाने के लिए पुलिस टीमों ने कड़ी मशक्कत की। जांच अधिकारियों ने घटनास्थल से डंप डेटा उठाया और इलाके के करीब सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों का पता लगाकर उन्हें पकड़ लिया।