नारनौल। कला जब समाज के सहयोग से जुड़ती है, तो नए अवसरों के रास्ते खुद-ब-खुद खुल जाते हैं। कुछ ऐसा ही अनोखा और प्रेरणादायक नजारा महेंद्रगढ़ रोड स्थित एक बेकरी में देखने को मिल रहा है। संचालिका विधि मित्तल ने शहर के उदीयमान युवा और बाल कलाकारों की खूबसूरत पेंटिंग व ड्राइंग की एक कला प्रदर्शनी का आयोजन किया है। यह प्रदर्शनी 20 अक्तूबर तक चलेगी। स्थानीय प्रतिभाओं को आर्थिक व कलात्मक प्रोत्साहन: यह प्रदर्शनी सिर्फ कला प्रेमियों के देखने के लिए ही नहीं, बल्कि कलाकारों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का एक सार्थक प्रयास है। पहली बार स्थानीय कलाकारों की बनाई गई पेंटिंग्स आम जनता के लिए ख़रीदने के लिए भी उपलब्ध कराई गई हैं। वर्षगांठ पर हर साल करती है आयोजन: विधि ने बताया कि हर वर्ष स्थापना दिवस पर किसी न किसी रूप में कलाकारों को मंच दिया जाता है। इस वर्ष आर्ट स्कूल से जुड़े कलाकारों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें आजीविका का जरिया देने के लिए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि अगर कला और कलाकार को आर्थिक संरक्षण नहीं मिलेगा, तो चित्रकला का विकास रुक जाएगा। हमारी छोटी सी कोशिश है कि ये शानदार कलाकार अपनी कला से ही करियर बना सकें और नारनौल का नाम रोशन करें।