कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के चौधरी देवीलाल हॉस्टल में बुधवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कमरे में अचानक आग लग गई। कमरा नंबर 99 में लगी आग से फाइन आर्ट्स विभाग के छात्र अर्जुन का सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना के समय छात्र अर्जुन अपने दोस्त के साथ खाना खाने गया हुआ था। इसी दौरान कमरे से आग की लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा। यह देखकर आसपास के छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। छात्रों ने आनन-फानन में आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मी भी मौके पर पहुंचे, लेकिन इससे पहले ही छात्रों ने आग पर काबू पा लिया था। बाद में छात्र अर्जुन ने बताया कि आग में उसके सभी कपड़े, किताबें, दस्तावेज और अन्य सामान जलकर राख हो गए। देर रात तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया था। हालांकि, छात्र ने आशंका जताई कि दिवाली के चलते कुछ छात्र कई बार उसके कमरे की ओर पटाखे फेंकते थे। ऐसे में आग लगने के पीछे पटाखे भी वजह हो सकते हैं।