धान की सरकारी खरीद शुरू करवाने की मांग को लेकर किसान आज दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे 44 जाम करने की तैयारी में हैं, जिसके लिए शाहाबाद में किसान जुटना शुरू हो गए हैं। इसी के चलते ही पुलिस ने भी पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ नाकेबंदी भी की है। सरकारी खरीद शुरू कराने की मांग को लेकर भाकियू अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने आज नेशनल हाईवे जाम करने का ऐलान किया हुआ है। उन्होंने 16 सितंबर को शाहाबाद में किसान पंचायत की थी,जिसमें जिला उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा भी पहुंचे थे। भाकियू अध्यक्ष गुरनाम चढूनी ने उस दिन केवल हाईवे जाम करने का ऐलान टाल दिया था बल्कि खरीद शुरू न होने पर 22 सितंबर को हाईवे जाम करने का ऐलान किया था। इसी के चलते आज किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी के नेतृत्व में किसान शहीद ऊधम सिंह मेमोरियल हॉल में एकत्रित हो रहे हैं। किसान संगठनों ने रोड जाम को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि किसानों के साथ किए गए आश्वासन पूरे नहीं हुए हैं। किसान पिछले कई महीनों से धान की खरीद शुरू करवाने के लिए मुख्यमंत्री और प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा खरीद शुरू नहीं किए जाने के कारण किसानों को सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। हाईवे जाम हुआ तो रूट हो सकता है डायवर्ट किसान हाईवे जाम कर पाए तो प्रशासन रूट डायवर्ट कर सकता है। ऐसे में वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। चढूनी के शामिल होने पर संशय भाकियू प्रवक्ता राकेश बैंस का कहना है कि जब तक खरीद शुरू नहीं होगी, किसान हाईवे से नहीं हटेंगे। यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी की तबीयत खराब है और चिकित्सक घर पर ही उनका उपचार कर रहे हैं। आज आंदोलन में उनकी मौजूदगी स्वास्थ्य पर निर्भर करेगी।