पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा का कमल खिलेगा। वहां की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर विश्वास जताते हुए इस बार भाजपा को सत्ता में लाने का मन बना लिया है। यह दावा मुख्यमंत्री नायब सैनी ने किया। आज यहां गीता मैराथन को हरि झंडी दिखाने के बाद पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वे पंजाब में चुनाव प्रचार के लिए गए थे और भविष्य में भी कार्यक्रम करने जाएंगे। वे पंजाब गए तो लोगों ने स्पष्ट कहा कि वे वहां की आम आदमी सरकार से बेहद परेशान हो चुके हैं। पूर्व की कांग्रेस सरकार की भी जनविरोधी नीतियां रही थी। वहां न कांग्रेस ने और न ही आम आदमी पार्टी ने जनता के जीवन को आसान बनाने के लिए कोई ठोस कदम उठाए हैं। ऐसे में अब जनता भाजपा को मुख्य विकल्प मानते हुए सत्ता में लाएगी। शराब कारोबारी शांतनु की शाहाबाद में गोली मारकर हत्या कर देने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वारदात कोई भी हो, उसे अंजाम देने वाला बचेगा नहीं। पुलिस इस वारदात के आरोपियों की भी तलाश में लगी है और हर प्रकार के अपराध पर भाजपा सरकार में अंकुश लगा है। मुख्यमंत्री ने गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर भी दुख जताया तो इसमें बाबैन के रामशरण माजरा की अंजू शर्मा की मौत पर भी शोक व्यक्त किया।