फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

करनाल में 16 से 18 अक्तूबर तक होगा 76वां वार्षिक दंगल, देशभर के नामी पहलवान दिखाएंगे दमखम

करनाल। श्री जगदंबा देवी पंखा दंगल कमेटी की ओर से 76वां वार्षिक दंगल 16 से 18 अक्तूबर तक रामलीला मैदान में आयोजित किया जाएगा। दंगल की तैयारियों को लेकर राम व्यायामशाला में आयोजित बैठक में प्रधान रामधन कांबोज ने बताया कि दंगल में देश के नामी पुरुष एवं महिला पहलवान हिस्सा लेंगे। सभी कुश्तियां मैट पर करवाई जाएंगी और उनका निर्णय दंगल टेक्नीकल कमेटी करेगी। उन्होंने बताया कि गुर्ज की सबसे बड़ी कुश्ती समेत विभिन्न मुकाबलों में पहलवानों को लाखों रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे। कुश्ती दोपहर एक बजे से सांय पांच बजे तक हाेगी और महिला पहलवानों की कुश्ती 17 अक्तूबर को होगी। उपप्रधान पालाराम पहलवान ने बताया कि कमेटी वर्ष 1948 से लगातार हर वर्ष दंगल का आयोजन करती आ रही है। उन्होंने इसे उत्तर भारत के सबसे बड़े दंगल आयोजनों में से एक बताते हुए कहा कि पहलवान पूरे उत्साह के साथ इस आयोजन का इंतजार करते हैं और मुकाबलों में अपना दमखम दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि कुश्ती केवल खेल नहीं, बल्कि हमारी परंपरा और संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। दंगल जैसे आयोजन युवा पीढ़ी को खेलों से जोड़ने के साथ उनमें अनुशासन, मेहनत और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कमेटी का प्रयास रहता है कि हर वर्ष दंगल को पहले से बेहतर और अधिक व्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जाए। महासचिव फूल सिंह और कोषाध्यक्ष राजिंद्र नंबरदार ने बताया कि दंगल में महिला पहलवान भी हिस्सा लेंगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बेटियां कुश्ती के क्षेत्र में देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। ऐसे में महिला पहलवानों को दंगल में अवसर देना कमेटी की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस अवसर पर महासचिव फूल सिंह, कोषाध्यक्ष राजिंद्र नंबरदार, बालकिशन शर्मा, कर्णवीर आर्य, गोपीनाथ शर्मा, रामगोपाल नंबरदार, काका, कृष्ण दाबड़ा और बलवान लाठर मौजूद रहे। ये होगा इनाम गुर्ज का ईनाम एक लाख एक हजार रुपए है, जिसमें विजेता पहलवान को 51 हजार रुपए, उप विजेता को 30 हजार रुपए और तीसरे स्थान पर रहने वाले पहलवान को 20 हजार रुपए और शील्ड देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं लड़कियों की कुश्ती के लिए 60 से 75 किलो वजन रखा गया है और गुर्ज का ईनाम 21 हजार रुपए है जिसमें विजेता को 14 हजार रुपए, उप विजेता को सात हजार रुपए और एक शील्ड दी जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें