करनाल। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर मां मनसा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना कर रहे हैं। इसी कड़ी में रामदेव कॉलोनी स्थित मां बगला मुखी मंदिर के साधक पंडित अनिल के नेतृत्व में श्रद्धालुओं और मंदिर के सेवादारों ने गाजे-बाजे के साथ पैदल यात्रा निकाली। श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए मां मनसा देवी मंदिर पहुंचे। यहां विधि-विधान के साथ मां को पवित्र पंखा चढ़ाया और पूजा-अर्चना कर कर्ण नगरी की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मां के जयकारों और भक्ति भाव के साथ श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और मां के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद मंदिर में मां की आरती की गई। श्रद्धालुओं ने मां से अपने परिवार की खुशहाली के साथ-साथ समाज और देश में सुख-शांति बनाए रखने की प्रार्थना की। वर्षों पुरानी परंपरा का किया निर्वहन पंडित अनिल ने बताया कि मां मनसा देवी मंदिर में पवित्र पंखा चढ़ाने की वर्षों पुरानी परंपरा है। इसी परंपरा के तहत मां बगला मुखी मंदिर के श्रद्धालु हर बार श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मां मनसा देवी के दरबार में पहुंचकर पवित्र पंखा अर्पित करते हैं। उन्होंने बताया कि धार्मिक परंपराएं लोगों को आस्था से जोड़ने के साथ-साथ समाज में सकारात्मकता और आपसी सद्भाव का संदेश भी देती हैं। मां के दरबार में पहुंचकर श्रद्धालु अपने परिवार की सुख-समृद्धि के साथ पूरे शहर के कल्याण की कामना करते हैं। इस दौरान मंदिर के सेवादारों और श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आरती में भाग लिया।