नगर निगम करनाल ने संपत्ति कर का भुगतान न करने वाले डिफाल्टर संपत्तिधारकों के खिलाफ गुरुवार को कड़ा कदम उठाया। प्रवर्तन दल ने मॉडल टाउन और अल्फासिटी क्षेत्रों में सीलिंग और अटैचमेंट की कार्रवाई शुरू की, जिससे बकायेदारों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई शुरू होते ही कई संपत्तिधारकों ने मौके पर ही बकाया संपत्ति कर जमा कर दिया, जिसके बाद उनकी संपत्तियों को छोड़ दिया गया। निगमायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि निगम की सूची में लगभग 11 डिफाल्टर संपत्तिधारक शामिल हैं, जिनके खिलाफ यह कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि बकाया कर जमा न करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्ती जारी रहेगी।