करनाल में कैथल रोड पर जेल प्रशासन द्वारा शुरू किए गए पेट्रोल पंप का जेल विभाग के डीजीपी मोहम्मद अकील ने निरीक्षण किया। पंप पर तेल डालने के लिए उन कैदियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिनका जेल में अच्छा आचरण है। पंप का पूरा संचालन कैदियों द्वारा किया जा रहा है। वहीं हर समय निगरानी के लिए जेल विभाग के कर्मचारी मौजूद रहते हैं। डीजीपी मोहम्मद अकील ने कहा कि सबसे पहले कुरुक्षेत्र पंप शुरू किया गया था। सकारात्म परिणाम को देखते हुए पांच जगह नए पेट्रोल पंप चालू किए है। फिलहाल डीजल और पेट्रोल मिल रहा है। आने वाले दिनों में सीएनजी और चार्जिंग की व्यवस्था शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि कैदियों के अंदर काम करने की भावना पैदा करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए इस तरह के प्रयास जेल विभाग द्वारा किए जा रहे हैं।