करनाल। 75वें अखिल भारतीय पुलिस कुश्ती क्लस्टर प्रतियोगिता के चौथे दिन महिला कुश्ती, पुरुष एवं महिला मुक्केबाजी, आर्म-रेसलिंग और बॉडी बिल्डिंग के मुकाबलों का आयोजन जारी रहे। हरियाणा पुलिस परिसर, मधुबन में किया गया। जिसमें पुरुष फ्री-स्टाइल कुश्ती के 92 किलोग्राम भार वर्ग में सीआईएसएफ के तरुण कुमार ने बीएसएफ के विनय को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं, 57 किलोग्राम भार वर्ग में सीआईएसएफ के मनोज पाल और कर्नाटक पुलिस के प्रशांत के बीच सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा। महिला कुश्ती प्रतियोगिता के 62 किलोग्राम भार वर्ग में उत्तर प्रदेश पुलिस की पुष्पा यादव ने एसएसबी की एन. चानू को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसी प्रकार, 57 किलोग्राम भार वर्ग में बीएसएफ की मंजू ने एसएसबी की नीतू को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया। महानिरीक्षक एवं सह आयोजन सचिव हामिद अख्तर के मार्गदर्शन में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में देशभर की विभिन्न पुलिस बलों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता के चौथे दिन उन्होंने कुश्ती की प्रतियोगिता की शुरुआत पहलवानों के हाथ मिला कर करवाई। उन्होंने मौके पर मौजूद हर एक खिलाड़ी से बात कर प्रतियोगिता के बारे में उनसे बातचीत की। उन्होंने कहा कि आज प्रतियोगिता का समापन किया जाएगा और जो खिलाड़ी फाइनल मुकाबले में पहुंचे उनको शुभकामनाएं और जो खिलाड़ी पदक नहीं जीत पाए उन्होंने ने भी काफी अच्छा प्रदर्शन किया। इस मौके पर भारतीय पुलिस सेवा, निदेशक हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन कला रामचन्द्रन, आदेशक पंचम वाहिनी सुरेंद्र भौरिया, आदेशक द्वितीय वाहिनी मुकेश कुमार, आदेशक प्रथम वाहिनी अंबाला तानिया सिंह ,आदेशक चतुर्थ वाहिनी भारती डबास मौजूद रहे। महिला बॉक्सिंग के 51-54 किलोग्राम भार वर्ग में बीएसएफ की तमन्ना ने एसएसबी की पुनम को पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। इसी प्रकार, 54-57 किलोग्राम भार वर्ग में असम की निशा दास ने मेघालय की पेंजनाई को हराकर अगले दौर में जगह बनाई। पुरुष बॉक्सिंग के 55-60 किलोग्राम भार वर्ग में एसएलबी के हर्षदीप ने पंजाब पुलिस के पंकज सैनी को पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। वहीं, 50-55 किलोग्राम भार वर्ग में सीआईएसएफ के जितेंद्र चौधरी ने बीएसएफ के ललित को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। आर्म-रेसलिंग प्रतियोगिता के 90 किलोग्राम भार वर्ग में मेघालय पुलिस के एलन सुन ने पंजाब पुलिस के गुरलाल सिंह को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, 110 किलोग्राम भार वर्ग में पंजाब पुलिस के सुदर्शन पाल ने तमिलनाडु पुलिस के अजय को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस भार वर्ग में हरियाणा पुलिस के विपिन ने कांस्य पदक हासिल किया। महिला आर्म-रेसलिंग के 90 किलोग्राम भार वर्ग में उत्तर प्रदेश पुलिस की दीपा ने तमिलनाडु पुलिस की वी. सौम्या को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पुरुष बॉडी बिल्डिंग के 70 किलोग्राम भार वर्ग में उत्तर प्रदेश पुलिस के मोहित कुमार ने प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। इसी वर्ग में उत्तर प्रदेश पुलिस के अमित पंवार ने रजत पदक तथा उत्तराखंड पुलिस के जितेंद्र कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया। महिला बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता के 60 किलोग्राम भार वर्ग में असम पुलिस की रिंकू मोनी ने स्वर्ण पदक, महाराष्ट्र पुलिस की सुनैना डोंगरे ने रजत पदक तथा महाराष्ट्र पुलिस की स्नेहा ने कांस्य पदक अपने नाम किया।