छठ महापर्व के चौथे और अंतिम दिन सोमवार सुबह व्रती महिलाओं और पुरुषों ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मैया की पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को दूध और जल अर्पित किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की लंबी आयु की कामना की। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का श्रद्धा और उल्लास के साथ समापन हो गया। सुबह से ही छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। व्रतियों ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर व्रत का पारण किया। इस दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीतों से घाटों का वातावरण भक्तिमय बना रहा।