कैथल की अनाज मंडियों में इस समय गेहूं का सीजन चल रहा है। ऐसे में जहां एक तरफ उठान की समस्या बनी है। अब वहीं बुधवार को नई अनाज मंडी की तीन फर्म करीब 40 से 50 किसानों के रुपये लेकर भाग गई। आरोपी आढ़तियों ने बिना जे-फार्म भरे ही उनके पास आई गेहूं की फसल को सीधा निजी एजेंसी को बेच दिया और रुपये ले लिए। दरअसल, इन आढ़तियों ने रुपये देने के लिए बुलाया था, लेकिन किसानों के आने से पहले ही यह आढ़ती भाग गए। इसके बाद किसानों ने रोष स्वरूप आढ़तियों की दुकान पर धरना दिया और रोष जताया। इसके बाद काफी संख्या में किसान एकत्रित हुए और इन आरोपी आढ़तियों के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दे दी है। यह आढ़ती किसी किसान के 35 लाख तो किसी के आठ से 10 लाख रुपये लेकर भागे हैं। किसानों ने आरोपी आढ़तियों पर करीब 10 करोड़ रुपये लेकर भागने का आरोप लगाया है। अब किसानों ने प्रशासन से इन आढ़तियों की तलाश कर उचित कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान किसानों के समर्थन में कुछ संगठन भी आए हैं। किसान संगठन के नेता होशियार गिल ने बताया कि देवीदयाल और रजत कुमार ट्रेडिंग कंपनी से शीशपाल व ऋषिपाल और केशव ट्रेडिंग कंपनी के आढ़तियों ने आई-फार्म तो भरा, लेकिन जे-फार्म नहीं भरा। इसके उल्ट निजी एजेंसी को गेहूं बेचकर भाग गए। इसके साथ ही कई किसानों की पिछली फसल के रुपये भी आढ़तियों ने देने थे। वहीं, कुछ ऐसे किसान भी थे, जिन्होंने अपनी जमीन बेची और आढ़ती को यह रुपये कुछ समय के लिए प्रयोग करने के लिए दिए। अब यह आढ़ती उन किसानों की जमीन के रुपये भी ऐंठकर ले गया है।