नरवाना के अपोलो चौक स्थित बिरबल नगर की गली में एक कपड़े की दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, दुकान मालिक राजू शुक्रवार सुबह अपनी दुकान की सफाई करने के बाद घर लौट गया था। इसके कुछ समय बाद ही दुकान में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देखकर आसपास के दुकानदारों ने दुकान मालिक को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद लोगों ने अपने स्तर पर बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया और दमकल विभाग को भी सूचना दी। आग इतनी भीषण थी कि लोगों के प्रयासों के बावजूद उस पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की दो गाड़ियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक दुकान में रखा काफी सामान जल चुका था। दुकानदार को हुआ लाखों रुपये का नुकसान दुकान मालिक राजू ने बताया कि वह सुबह दुकान की सफाई करके घर चला गया था। कुछ समय बाद उसे दुकान में आग लगने की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि दुकान में कपड़ों का लाखों रुपये का सामान रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आने से जलकर राख हो गया। इससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है।