कस्बे की परशुराम धर्मशाला में जननायक जनता पार्टी (जजपा) कार्यकर्ताओं की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शिरकत की और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को लेकर आवाज उठाने का आह्वान किया। दुष्यंत चौटाला ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नेता कहते थे कि यहां इस्तीफे नहीं होते, लेकिन युवाओं ने दिल्ली में बैठकर इस्तीफे दिलवा दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता में आए 12 साल हो गए हैं, लेकिन प्रदेश में गुंडाराज चल रहा है। आए दिन हत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं। पुलिस प्रशासन की स्थिति भी खराब है। उन्होंने कहा कि वारदात के बाद पुलिस की ओर से टीमें भेजने और कार्रवाई करने की बात कही जाती है, लेकिन ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं देती। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब पुलिस एनकाउंटर करने लगी है और खुद गोलियां चलाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने करनाल की एक घटना का जिक्र करते हुए सरकार और पुलिस प्रशासन को घेरा। दुष्यंत ने कहा कि कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को गंभीरता से काम करने की जरूरत है। महंगाई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पहले चीनी महंगी हुई और अब प्याज भी महंगा होने की स्थिति बन रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाना होगा और लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं की आवाज बनना होगा। कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा कि कांग्रेस की हालत ऐसी है कि जहां बैठक होती है, वहां पहले झगड़ा हो जाता है। उन्होंने जजपा कार्यकर्ताओं से आपसी एकजुटता बनाए रखने और संगठन को मजबूत करने पर काम करने का आह्वान किया।