जींद। रोडवेज बसों की कमी और पटियाला चौक पर बसों के नहीं रुकने से परेशान आईटीआई के विद्यार्थियों ने बुधवार सुबह बस स्टैंड परिसर में पहुंचकर रोष जताया। विद्यार्थी सुबह करीब नौ बजे के बाद बस स्टैंड पहुंचे और आधे घंटे तक अपनी समस्या को लेकर विरोध किया। तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और विद्यार्थियों को समझाया। इसके बाद उन्हें रोडवेज बस में बैठाकर आईटीआई के लिए रवाना किया गया। दरअसल, त्योहारी सीजन को देखते हुए गोहाना और सफीदों रोड पर दुकानदारों ने जगह-जगह सेल लगाई हुई हैं। खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को सुचारु रखने के लिए हांसी, असंध, नरवाना और बरवाला रूट की बसों का संचालन दीपावली तक शहर के अंदर से बंद कर दिया गया है। करीब दस दिन से परिवहन समिति की बसें भी फ्लाईओवर के रास्ते संचालित हो रही हैं। शहर के अंदर से बसों का संचालन बंद होने के कारण लघु सचिवालय, पुराना बस स्टैंड, नागरिक अस्पताल, रानी तालाब, एसडी स्कूल, सफीदों गेट, बतख चौक, रुपया चौक और सब्जी मंडी मोड़ से बस पकड़ने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही है। आमतौर पर हांसी, हिसार, बरवाला, असंध, करनाल, कैथल और नरवाना रूट की बसें बस स्टैंड से निकलकर गोहाना रोड के रास्ते इन प्रमुख स्थानों से होते हुए पटियाला चौक पहुंचती थीं। इससे यात्रियों को बस पकड़ने के लिए बस स्टैंड तक नहीं जाना पड़ता था और उनका समय व ऑटो का किराया बचता था। बॉक्स अंबाला में कार्यक्रम के लिए भेजी गईं 100 बसें बुधवार को जींद डिपो में बसों की कमी का एक कारण अंबाला में हरियाणा दिवस पर आयोजित कार्यक्रम भी रहा। इसके लिए जींद डिपो से 100 बसें भेजी गई थीं। ऐसे में विद्यार्थियों और आम यात्रियों को अन्य दिनों की अपेक्षा कम बसें उपलब्ध हो पाईं। जींद डिपो में कुल 162 रोडवेज बसें हैं, जिनमें किलोमीटर स्कीम की 37 बसें शामिल हैं। बॉक्स अंबाला बस भेजने के विरोध में रोडवेज कर्मचारियों ने की नारेबाजी अंबाला में पांच नवंबर को आयोजित कार्यक्रम के लिए जींद से 100 बसें भेजने के निर्णय पर रोडवेज कर्मचारियों ने भी रोष जताया। कुछ कर्मचारी वर्कशॉप परिसर में एकत्रित हुए और नारेबाजी की। कर्मचारियों का कहना था कि सांझा मोर्चा की बैठक चंडीगढ़ में चल रही है। बैठक में लिए जाने वाले निर्णय के बाद ही वे आगे की रणनीति तय करेंगे। शाम को सांझा मोर्चा के निर्णय के बाद कर्मचारी अंबाला के लिए बसें भेजने को तैयार हुए। वर्जन अंबाला में कार्यक्रम के लिए जींद से कुछ बसें भेजी गई थीं। इस कारण बुधवार को बसों की संख्या कम रही। बसों की कमी के चलते आईटीआई के विद्यार्थी बस स्टैंड पहुंचे थे, जिन्हें समझाकर रोडवेज बस से संस्थान भेज दिया गया। --सुनील पूनिया, बस अड्डा, बस स्टैंड जींद