बीते कुछ दिनों से जींद के नरवाना में सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने से सड़कों पर दृश्यता बेहद कम हो गई है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। इसी को देखते हुए हरियाणा पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा अभियान के तहत वाहन चालकों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। सोमवार सुबह करीब 11 बजे नरवाना के टोहाना रोड पर हेड कांस्टेबल भीम सिंह ने दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से कोहरे के दौरान सावधानी बरतने की हिदायत दी। इस दौरान बिना हेलमेट बाइक चला रहे दो युवकों को रोककर उन्हें हेलमेट पहनने के महत्व के बारे में समझाया गया। हेड कांस्टेबल भीम सिंह ने युवाओं को बताया कि कोहरे के मौसम में सड़क पर फिसलन और सामने से आने वाले वाहनों की दृश्यता कम हो जाती है, ऐसे में हेलमेट न केवल चालान से बचने का साधन है बल्कि जीवन रक्षा का अहम उपकरण भी है। उन्होंने कहा कि जान बेहद कीमती होती है। यदि कोई व्यक्ति अपने लिए नहीं तो कम से कम अपने परिवार के बारे में सोचकर ही सही, हेलमेट जरूर पहने। कई घरों में कमाने वाला व्यक्ति एक ही होता है, और यदि किसी दुर्घटना में उसे कुछ हो जाए तो पूरा परिवार संकट में आ जाता है। इसलिए थोड़ी सी लापरवाही पूरे परिवार पर भारी पड़ सकती है। पुलिस ने वाहन चालकों को यह भी सलाह दी कि कोहरे के समय वाहन धीमी गति से चलाएं और सड़क पर बनी सफेद पट्टियों का सहारा लें, ताकि दिशा का सही अनुमान बना रहे। साथ ही अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचने और लाइट जलाकर चलने की अपील की गई।