सफाई कर्मचारियों के आंदोलन को भारतीय किसान मजदूर यूनियन ने समर्थन देने का ऐलान किया है। रविवार को रानी तालाब पर सफाई कर्मचारी यूनियन के धरने पर पहुंचे भारतीय किसान मजदूर यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कौथ ने कहा कि संगठन प्रतिदिन किसी न किसी धरने पर सफाई कर्मियों के साथ बैठेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर चलाए जा रहे आंदोलन में संगठन पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ा रहेगा। सुरेश कौथ ने कहा कि सफाई कर्मचारी सरकार से अपनी जायज मांग कर रहे हैं। सरकार को सफाई कर्मचारियों को पक्का करने की मांग को गंभीरता से लेते हुए इसे लागू करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान पुलिस लाठीचार्ज और महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की कर कर्मचारियों को डराने का प्रयास कर रही है, लेकिन इससे कर्मचारी पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि आंदोलनों के दौरान मुकदमे दर्ज होते रहते हैं और समझौते के समय उन्हें वापस भी लिया जाता है। सफाई कर्मचारियों के आंदोलन को आगे किस रणनीति के तहत चलाना है, इसका फैसला कर्मचारी नेता ही करेंगे। भाकियू उनके हर फैसले में साथ खड़ी रहेगी। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि 13 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास के घेराव के दौरान भी भारतीय किसान यूनियन सफाई कर्मचारियों के साथ मजबूती से खड़ी होगी। इससे पहले संगठन के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को सफाई कर्मचारियों की मांगों के बारे में जागरूक करेंगे और हर समाज के लोगों से आंदोलन में सहयोग की अपील करेंगे।