जींद। राजकीय महिला कॉलेज में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से अपराजिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को महिला समानता, अधिकारों और समाज में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। कॉलेज प्रवक्ता डॉ. सुमिता आसरी ने छात्राओं को समानता के विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं को पुरुषों के समान अवसर और अधिकार मिलना जरूरी है। शिक्षा महिलाओं को सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। शिक्षित और जागरूक महिला न केवल अपने अधिकारों को समझती है, बल्कि परिवार और समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए अमर उजाला फाउंडेशन का आभार जताया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में कॉलेज प्राचार्य शमशेर सिंह ने शिरकत की। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए समाज में महिलाओं की समानता और बदलती भूमिका पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय के साथ महिलाओं के प्रति समाज की सोच में बदलाव आया है। आज महिलाएं शिक्षा, खेल, प्रशासन, विज्ञान, राजनीति, सेना और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज कई क्षेत्रों में महिलाएं पुरुषों से आगे निकल चुकी हैं। यह बदलाव महिलाओं में आई जागरूकता और शिक्षा का परिणाम है। छात्राओं को अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। इस दौरान कॉलेज के स्टाफ सदस्य और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।