जींद। इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) के प्रदेश स्तरीय प्रतिनिधि सम्मेलन में रविवार को कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर मजदूर, किसान, कर्मचारी और युवाओं की अनदेखी करने के आरोप लगाए। सम्मेलन को कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने संबोधित किया। नेताओं ने न्यूनतम मजदूरी, भवन निर्माण मजदूरों के फंड, बेरोजगारी और सरकारी नौकरियों के मुद्दे पर सरकार को घेरा। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दस साल के कार्यकाल में हरियाणा में न्यूनतम मजदूरी देश में सबसे अधिक थी और हर साल इसमें बढ़ोतरी की जाती थी। भाजपा सरकार के 11 साल में महंगाई के अनुपात में न्यूनतम मजदूरी का एक बार भी संशोधन नहीं किया गया। कांग्रेस के समय मजदूर संगठनों को यूनियन पंजीकरण की स्वतंत्रता थी, लेकिन अब इसके लिए भी संगठनों को संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने भवन निर्माण मजदूरों के कल्याण के लिए फंड बनाया था, लेकिन भाजपा शासन में इसमें हजारों करोड़ रुपये का घोटाला हुआ। फर्जी चेक के माध्यम से मजदूरों के पैसे में भ्रष्टाचार किया गया। उन्होंने भाजपा सरकार को किसान, मजदूर और गरीब विरोधी बताते हुए कहा कि गरीब कल्याण की योजनाओं को धीरे-धीरे समाप्त किया जा रहा है। मनरेगा की जगह नई योजना लाने, सरकारी पद समाप्त करने और करीब डेढ़ लाख पदों पर एचकेआरएन के माध्यम से भर्ती करने से युवाओं और कर्मचारियों को नुकसान हुआ है। इस अवसर पर सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, पूर्व मंत्री राजस्थान जगदीश माली, इंटक के प्रदेश अध्यक्ष अमित यादव, जिलाध्यक्ष ऋषि पाल, पवन गर्ग, रघुबीर भारद्वाज मौजूद रहे। बाक्स हुड्डा ने अग्निपथ योजना पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चार साल की सैन्य भर्ती अवधि को दो साल बढ़ाना इस बात का संकेत है कि सरकार को अपनी योजना में बदलाव करना पड़ा। उन्होंने हरियाणा में बेरोजगारी, नशे, युवाओं के विदेश पलायन और कानून व्यवस्था के मुद्दे उठाते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल, बिजली, टोल और शिक्षा का खर्च बढ़ा है। मेडिकल कॉलेजों की फीस और बॉन्ड व्यवस्था ने सामान्य परिवारों के बच्चों के लिए डॉक्टर बनने का सपना कठिन कर दिया है। बाक्स संवैधानिक संस्थाओं और शिक्षकों के मुद्दे पर भी घेरा प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने देश की संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर दिया है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा ने 12 साल में अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया। हजारों अतिथि शिक्षकों को रात में घरों से उठाना और महिला शिक्षिकाओं को हिरासत में लेना सरकार की कार्यशैली को दर्शाता है। प्रदेश का भविष्य संवारने वाले शिक्षकों को सम्मान देने के बजाय पुलिस की कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी से प्रदेश का हर वर्ग परेशान है।