बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ में छठ पूजा महोत्सव सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्वक संपन्न हो गया। सुबह तड़के ही छठव्रती महिलाएं और पुरुष पूजा स्थलों पर पहुंचे और विधि-विधान के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो गया। छठव्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली, अच्छे स्वास्थ्य और संतान की लंबी आयु की कामना की। इस दौरान पूजा स्थलों पर भक्तिमय माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने छठी मैया और भगवान सूर्य की आराधना कर परिवार एवं समाज की मंगलकामना की। छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था। व्रतियों ने कठिन निर्जला व्रत का पारायण कर प्रसाद ग्रहण किया और एक-दूसरे को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।