झज्जर में कुलाना चौक के पास एक तेज रफ्तार बस ने साइकिल सवार प्रवासी मजदूर को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के श्रीनगर रामनगरिया निवासी छोटू के रूप में हुई है, जो कुलाना चौक के पास किराए के कमरे में रहकर मेहनत-मजदूरी करता था। मृतक के भाई राजेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि छोटू सब्जी खरीदने के लिए साइकिल पर जा रहा था। राजेंद्र भी उस समय मुख्य सड़क पर ही मौजूद था। इसी दौरान रेवाड़ी की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने लापरवाही से चलते हुए छोटू की साइकिल को सीधी टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल छोटू को तुरंत झज्जर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वीरवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। हादसे से परिवार में शोक की लहर है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।