साल्हावास। खासा महाजनान हिसार में 24 व 25 अक्तूबर को दो दिवसीय सब जूनियर अंडर 16 कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें गांव खोरड़ा की बाबा गुंगला स्पोर्ट्स अकादमी में कोच कप्तान सिंह से प्रशिक्षण लेने वाली रेवाड़ी जिले की खिलाड़ियों ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 22 जिलों की 22 टीमों ने भाग लिया था। कोच अशोक कुमार ने बताया कि बाबा गुंगला स्पोर्ट्स अकादमी में रेवाड़ी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ व झज्जर जिले की खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अकादमी में लौटने पर विजेता खिलाड़ियों व कोच कप्तान सिंह के सम्मान में समारोह का आयोजन किया गया। इस सम्मान समारोह में। मुख्य अतिथि पार्षद शिवकुमार खोरड़ा, जंगजीत चाहार, ब्लॉक समिति सदस्य दिलबाग सिंह रहे। कार्यक्रम में सर्वप्रथम खडे़ेश्वरी महाराज व महेंद्र पुरी महाराज ने खिलाड़ियों को आशीर्वाद दिया। तत्पश्चात खिलाड़ियों ने गांव के मंदिर में माथा टेक पूजा-अर्चना की। ग्रामीणों ने खिलाड़ियों को फूल मालाएं, नोटों की माला पहनाकर तथा स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। पार्षद शिवकुमार खोरड़ा ने कहा कि बाबा गुंगला स्पोर्ट्स अकादमी निरंतर खिलाड़ियों को तैयार कर रहा है जो राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी प्रतियोगिता में नाम रोशन कर रहे हैं। इस दौरान लिलोढ से भगवानदेव सरपंच, रवि पंच, तेजपाल पंच मौजूद रहे।