शहर की जटिया धर्मशाला में बुधवार को संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती पर जाटव समाज विकास सेवा समिति की तरफ से भंडारे का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल पहुंची। इससे पहले मंगलवार की रात को कीर्तन भी कराया गया। प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी जटिया धर्मशाला में संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सुबह हवन यज्ञ का कार्यक्रम हुआ। इसके बाद भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। वहीं इससे पहले रात के समय कीर्तन भी कराया गया। कार्यक्रम में विधायक गीता भुक्कल ने संत रविदास की कथाओं को प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने ही ऊंच-नीच का भेद मिटाने की बात कही थी और नारी शिक्षा पर बल दिया था। उन्होंने कहा था कि जन्म से कोई महान नहीं होता बल्कि आदमी अपने कर्म से ही महान होता है। इस अवसर पर समिति के प्रधान कपिल चांदोलिया, उपप्रधान राजपाल, महिपाल, सुरेश दोचानिया, महेंद्र, धनुराम, मनेश, महेश, भारत, नरेश व जयसिंह मौजूद रहे।