झज्जर। थाना सदर झज्जर पुलिस ने 66 दिन पहले सिलानी ड्रेन नंबर-8 में मिले अज्ञात महिला के शव के ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी संदीप सिंह निवासी चुड़िना जिला झुंझुनू राजस्थान को गिरफ्तार किया है।आरोपी को अदालत में पेश कर 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपी ने गुस्से में महिला के सिर पर डंडे से वार करने के बाद उसका गला दबाकर हत्या कर थी। पुलिस उपायुक्त धारणा यादव ने बताया कि थाना सदर झज्जर के प्रभारी निरीक्षक परमजीत और उनकी पुलिस टीम ने इस वारदात को सुलझाने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। जांच में सामने आया कि आरोपी संदीप की करीब तीन वर्ष पहले ऑनलाइन मार्केटिंग के काम के दौरान राजस्थान निवासी सुशीला से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। आरोपी ने सुशीला को जीबी फूड प्राइवेट कंपनी नीमराणा में नौकरी लगवाया, जिसके बाद दोनों कि किसी बात को लेकर आपसी कहासुनी हो गई थी। इसी विवाद के चलते गत 30 जून की सुबह दोनों के बीच लड़ाई-झगड़ा हुआ। आरोपी ने गुस्से में सुशीला के सिर पर डंडे से वार किया और बाद में उसका गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी ने पुलिस से बचने, शव को छिपाने की नियत से सुशीला के शव को टाटा टियागो गाड़ी में डाला और रात के समय सिलानी गांव के पास ड्रेन में फेंक दिया। इसके बाद आरोपी ने वारदात को छिपाने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्यों और घटनाक्रम के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त डंडा, गाड़ी, अन्य साक्ष्य बरामद करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगामी जांच जारी है। यह था पूरा मामला गत 2 जुलाई को सिलानी ड्रेन नंबर-8 में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल को सुरक्षित किया तथा एफएसएल टीम की मदद से आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए थे। मृतका की पहचान के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। उपलब्ध फोटो के आधार पर मृतका की पहचान सुशीला निवासी राजस्थान के रूप में हुई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने मृतका से जुड़े लोगों, तकनीकी साक्ष्यों तथा अन्य पहलुओं की गहनता से जांच की।