झज्जर और आसपास के क्षेत्र में रविवार देर रात से बारिश का शुरू हुआ दौर सोमवार को भी जारी रहा। बारिश से मौसम सुहावना हो गया। लोगों को पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी और उमस से राहत मिली। रात से रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते शहर के मुख्य मार्गों पर पानी जमा हो गया। निकासी की व्यवस्था चरमराती दिखी। शहर के बर्फखाना रोड, बीकानेर चौक, अम्बेडकर चौक पर पानी जमा हो गया। इससे लोगों को परेशानी हुई। अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 28 डिग्री दर्ज किया गया।