झज्जर। भक्ति के लिए उम्र की कोई बाधा नही होती। दृढ़ संकल्प, श्रद्धा और निरंतर भक्ति से जीवन के कठिन लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता हैं। यह बात सिद्ध बाबा कांशीगिरि जी महाराज मंदिर के प्रांगण में महिला संकीर्तन मंडली के तत्वावधान में आयोजित द्वितीय कार्तिक मास की कथा के दौरान श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पंडित पवन कौशिक ने कही। उन्होंने कहा कि बालक ध्रुव ने भगवान विष्णु की प्राप्ति के लिए कठोर तप किया था। भक्त ध्रुव की अटूट भक्ति और दृढ़ निश्चय से प्रसन्न होकर भगवान ने उन्हें दर्शन दिए। उन्होंने कहा कि जब मन में प्रभु के प्रति सच्ची श्रद्धा और लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प हो तो कठिन रास्ते भी आसान हो जाते हैं। इस अवसर पर नगर पार्षद सुषमा तिलकराज गोसाई मौजूद रही। कथा के दौरान महिला संकीर्तन मंडली की सदस्य रोजी नारंग, भावना तनेजा, संगीता वर्मा, पूनम छाबड़ा, इंदू भूगड़ा ने कान्हा मुरली बजा दो एक बार हमारे हरी कीर्तन में..और संतोष हंस, किरण अरोड़ा, शशी बहल, सुषमा गोसाई ने मिला है दरबार किस्मत से मिले हो प्रभु आप किस्मत से..मधुर एवं मनमोहक भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस मौके पर समिति प्रधान सुधांशु हंस, महिला मंडली की प्रधान इंदू देवराज भूगड़ा, अर्पित सेवक, रुद्र कौशिक, रमेश लखेरा मौजूद रहे।