बेरी। हरियाणा के पूर्व गृह राज्य मंत्री और दिल्ली की कांग्रेस रैली के लिए झज्जर जिले के प्रभारी लगाए गए सुभाष बत्रा ने एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली कांग्रेस की महारैली को बदलाव की रिहर्सल बताया है। उन्होंने दावा किया कि रैली में हरियाणा से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे और यह रैली पूर्व की सभी रैलियों के रिकार्ड तोड़कर इतिहास रचने जा रही है। वह वीरवार को रैली की तैयारियों के लिए बेरी में स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से फीड़बैक लेने आए थे। बेरी में पूर्व स्पीकर डाॅ. रघु़बीर सिंह कादयान के नेतृत्व में पाना हिंदयान में स्थित धर्मशाला में एकत्रित हुए कार्यकर्ताओं से फीड़बैक लिए जाने के बाद बत्रा ने रैली की तैयारियों की जानकारी दी और प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। सुभाष बत्रा ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पार्ट टाइम मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि प्रदेश का हर वर्ग मौजूदा सरकार से दुखी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की महारैली में महिलाओं की विशेष भागीदारी रहेगी। पूर्व स्पीकर और बेरी से कांग्रेस विधायक डाॅ. रघुबीर सिंह कादयान ने कहा कि दिल्ली की महारैली के लिए हरियाणा को एक लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य दिया गया है। उन्हें आशा ही नहीं बल्कि पूरी उम्मीद है कि जिस तरह से लोगों में रैली को लेकर उत्साह है। इस रैली में हरियाणा भर से लाखों की तादाद में लोग पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि यह रैली हरियाणा और केंद्र की सरकार की चूलें हिलाने का काम करेगी और हाजिरी की दृष्टि से मील का पत्थर साबित होगी।