जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला अध्यक्ष संजय यादव की अध्यक्षता में आंबेडकर चौक पर भाजपा के मनरेगा योजना का नाम और मूल स्वरूप बदलने के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया।जिलाध्यक्ष संजय यादव ने बताया कि भाजपा सरकार कुंठित मानसिकता के कारण इस योजना से महात्मा गांधी का नाम हटा रही हैं। जिस गांधी जी को समस्त विश्व महान आत्मा मानता है, जिसके 100 से ज्यादा देशों में मूर्ति स्थापित है और उनके नाम से लगभग पूरे विश्व में रोड, अन्य स्थान, संस्थानों के नाम रखे गए हैं। जब जी-20 सम्मेलन भारत में हुआ, तब भी सभी देशों के अध्यक्षों ने महात्मा गांधी की समाधि पर जाकर श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया था। फिर भारतीय जनता पार्टी को गांधी के नाम से क्या दिक्कत हो गई, जो इस योजना का नाम बदलने की जरूरत पड़ गई। मोदी सरकार किसी भी योजना का सिर्फ नाम बदलकर ही काम चला रही हैं। सरकार अपनी खुद की तो कोई नई योजना शुरू करे और उसका नाम रखे। उन्होंने कहा कि मनरेगा के नाम बदलने के साथ ही भाजपा सरकार ने इस योजना के मूल स्वरूप को भी बदलने का काम किया है। पहले इस योजना में 90 प्रतिशत अनुदान केंद्र सरकार और 10 प्रतिशत राज्य सरकार का होता था। अब इसमें केंद्र सरकार ने अपना अनुदान 90 प्रतिशत से घटाकर 60 प्रतिशत कर लिया है और काम भी राज्य सरकार अपनी मर्जी से देगी ना कि जब मजदूरों को काम की आवश्यकता होगी, उस वक्त किसी भी आपदा के समय काम नहीं मिलेगा।