हांसी के राजू की ढाणी के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसे ट्रेन की मदद से हांसी रेलवे स्टेशन लाया जा रहा था, लेकिन स्टेशन पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। पुलिस मृतक की पहचान के प्रयास कर रही है। जीआरपी के एएसआई बलबीर ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे सूचना मिली थी कि हांसी के राजू की ढाणी के पास एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है और उसे ट्रेन के माध्यम से हांसी रेलवे स्टेशन लाया जा रहा है। सूचना के बाद वह अपने स्टाफ के साथ रेलवे स्टेशन पहुंचे। ट्रेन के हांसी स्टेशन पहुंचने पर घायल व्यक्ति को नीचे उतारने की तैयारी की गई, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 28 से 30 वर्ष के बीच है। अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। शव को सिविल अस्पताल हांसी में रखवाया गया है, जहां नियमानुसार पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।पुलिस के मुताबिक यह ट्रेन रेवाड़ी-भटिंडा रूट पर चलने वाली ट्रेन संख्या 1478 है। ट्रेन के चालक ने पुलिस को बताया कि युवक पहले से ही रेलवे ट्रैक के बीच घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। इसके बाद रेलवे के चालक और यात्रियों की सहायता से उसे ट्रेन में लाकर हांसी रेलवे स्टेशन पहुंचाया गया। फिलहाल युवक रेलवे ट्रैक पर किस तरह घायल हुआ, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस ने मृतक की पहचान और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।