पंजाब बंद के आह्वान का असर सोमवार को हिसार में भी दिखाई दिया। किसान आंदोलन के चलते हिसार से पंजाब जाने वाली तीन प्रमुख ट्रेनें रद्द कर दी गईं, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। बस सेवाएं भी बाधित रहीं, जिससे यात्रा करने वाले लोग भटकते नजर आए। रद्द की गई ट्रेनें उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल के अंतर्गत किसान आंदोलन के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार निम्नलिखित ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहीं: गाड़ी संख्या 04576: लुधियाना-हिसार स्पेशल रेल सेवा पूरी तरह से रद्द। गाड़ी संख्या 14731: दिल्ली-बठिंडा रेल सेवा रद्द। गाड़ी संख्या 14653: हिसार-अमृतसर एक्सप्रेस केवल ब्यास तक संचालित की गई। स्टेशनों पर यात्री परेशान ट्रेन रद्द होने के कारण यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोग बिना किसी विकल्प के स्टेशनों पर घंटों इंतजार करते रहे। कई यात्रियों ने शिकायत की कि उन्हें ट्रेन रद्द होने की सूचना पहले नहीं दी गई, जिससे उनकी योजनाएं प्रभावित हुईं। बस सेवाओं पर भी पड़ा असर रेल सेवाओं के साथ-साथ बस सेवाओं पर भी पंजाब बंद का असर दिखाई दिया। हिसार से पंजाब के लिए जाने वाली कई बसें संचालित नहीं हो सकीं, जिससे यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा।