डीए सहित 15 अन्य मांगों को लेकर रोडवेज कर्मचारी आज से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। इससे रोडवेज बस सेवा भी प्रभावित हुई है जिससे यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोडवेज महाप्रबंधक ने कर्मचारियों को 3 बजे बातचीत के लिए बुलाया है। इससे पहले रोडवेज कर्मचारियों के घेराव के अल्टीमेटम के बाद महाप्रबंधक राहुल मित्तल ने सोमवार को साझा संघर्ष समिति हिसार व हांसी की संयुक्त बैठक बुलाई। 15 सूत्रीय मांगों पर चर्चा के बावजूद ठोस आश्वासन नहीं मिलने पर समिति सदस्य बैठक बीच में छोड़कर बाहर आ गए। सोमवार दोपहर 12 बजे हुई बैठक में टीए-डीए का भुगतान, तोड़े गए कमरों का पुनर्निर्माण और एचकेआरएन कर्मचारियों का वेतन समय पर जारी करने समेत अन्य लंबित मांगें रखी गईं लेकिन समाधान का कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला।समिति के हिसार व हांसी पदाधिकारियों ने निर्णय लिया कि 22 सितंबर को दोनों सब-डिपो में गेट मीटिंग कर आंदोलन शुरू किया जाएगा और महाप्रबंधक कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। समिति की ओर से कहा गया कि आंदोलन से यात्रियों को होने वाली असुविधा की जिम्मेदारी महाप्रबंधक हिसार व संबंधित प्रशासन की होगी। आंदोलन से लोकल और लंबे रूटों की रोडवेज बस सेवा प्रभावित होने की आशंका है।