नए पटवारियों को वेतन नहीं मिलने पर पटवारियों ने वीरवार को लघु सचिवालय के बाहर प्रदर्शन किया। धरने पर बैठे पटवारियों ने कहा कि त्योहार के मौके पर भी उनको वेतन नहीं मिल पाया है। नए पटवारियों को वेतन दिलाने और प्रशिक्षण की अवधि ए वर्ष करने की मांग को लेकर पटवारियों ने नारेबाजी की। फिलहाल पटवारी सभी कार्यों से दूर हैं। गिरदावरी भी नहीं कर रहे। द रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि यदि कोई प्रमाण पत्र बनवाने आ रहा है तो उस पर पटवारी अपने हस्ताक्षर कर रहे हैं लेकिन तहसीलों से जुड़े दूसरे कार्यों से पटवारी पूरी तरह से दूर हैं। उन्होंने कहा कि जनवरी 2025 से नए 2605 पटवारी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में पटवारियों के राज्यस्तरीय सम्मेलन में जनवरी माह में आश्वासन दिया था कि नए पटवारियों को मानदेय के बजाय प्रशिक्षण वाले दिन से ही वेतन दिया जाएगा। प्रशिक्षण की अवधि को डेढ़ वर्ष से घटाकर एक वर्ष करने की घोषणा की गई थी। अभी तक नए पटवारियों को मानदेय दिया जा रहा है, दूसरी घोषणाओं पर काम नहीं हुआ।