हांसी में डेंगू और मलेरिया की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। प्रदेश के कई हिस्सों में डेंगू के मामले सामने आने के बीच हांसी स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। विभाग की ओर से शहर के अलग-अलग इलाकों में फॉगिंग करवाई जा रही है और मच्छरों के लार्वा की जांच के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। हांसी के सीएमओ डॉ. राहुल बुद्धिराजा ने बताया कि फिलहाल हांसी में डेंगू या मलेरिया का कोई मरीज नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और विभाग अलर्ट मोड पर है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घरों और आसपास के क्षेत्रों में जाकर पानी जमा होने की स्थिति की जांच कर रही हैं। जिन घरों के बाहर या आसपास पानी खड़ा मिलता है, वहां संबंधित लोगों को नोटिस दिए जा रहे हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि घरों के आसपास पानी को ज्यादा समय तक जमा न होने दें, क्योंकि जमा पानी में मच्छरों का प्रजनन तेजी से होता है। डेंगू के संभावित मरीजों के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से अलग से व्यवस्था भी की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल उपचार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। शाम सुबह पूरे कपड़े पहनकर ही घरों से बाहर निकले। सीएमओ राहुल बुद्धिराजा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अपने घरों, छतों, कूलर, गमलों और आसपास पानी जमा न होने दें। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और फॉगिंग का काम भी जारी है। सीएमओ का साफ कहना है। हांसी में फिलहाल डेंगू या मलेरिया का कोई मरीज नहीं है, लेकिन विभाग किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।