अंधड़ के साथ शनिवार रात को हुई बारिश से बस स्टैंड के वर्कशॉप में पानी भरा गया। ऐसे में बसें चार्ज नहीं होने के कारण ई-सिटी बसाें का संचालन बंद हो गया। अब पानी निकलने के बाद ही बसों का संचालन हो सकेगा। रोडवेज की ओर से शहर में पांच ई-सिटी बसें चलाई जा रही हैं, लेकिन बारिश का पानी भरने के कारण रविवार सुबह से ही शहरवासियों को ई-सिटी बसों की सुविधा नहीं मिल पाई। बता दें, कि ई-सिटी बसों को चार्ज करने के लिए वर्कशॉप में चार्जर लगा हुआ है। मगर वर्कशॉप में पानी जमा है। पानी में बसों को चार्ज करने से स्पार्किंग हो सकती है। ऐसे में बसें चार्ज नहीं हो सकी। इस कारण सिटी बसों का संचालन बंद रहा।