हांसी। भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व को लेकर हांसी के बाजारों में रौनक देखने को मिल रही है। हांसी के प्रताप बाजार समेत शहर के प्रमुख बाजार रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियों से सज गए हैं। सुबह से ही महिलाएं और युवतियां अपने भाइयों के लिए राखियां खरीदने पहुंच रही हैं। शाम होते-होते बाजारों में भीड़ और बढ़ गई। आपको बता दे कि इस बार बाजारों में डायमंड वर्क, स्टोन-जड़ी, मोर कलाकृति, गोटा-ज़री और पारंपरिक मौली धागे वाली एक से बढ़कर एक डिजाइनर राखियां उपलब्ध हैं। इसके अलावा सोन क्रिस्टल, भाई-भाभी वाली राखियां और विभिन्न फैंसी डिजाइनों की राखियां भी ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। राखी विक्रेता आसू ने बताया कि इस बार फैंसी और डिजाइनर राखियों की अच्छी मांग है। सुबह से ही ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं और शाम तक काफी अच्छा कारोबार हुआ है। वहीं राखी खरीदने पहुंची भावना ने कहा कि वह अपने भाई के लिए राखी खरीदने आई हैं। रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और प्रेम का त्योहार है। इस दिन बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। रक्षाबंधन के चलते बस स्टैंड पर भी यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। बहनें अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान की यात्रा कर रही हैं। बसों में सीट पाने के लिए यात्रियों को इंतजार करना पड़ रहा है। कई बसें खचाखच भरी नजर आईं और टिकट खिड़कियों पर भी भीड़ रही। हरियाणा सरकार की ओर से रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के लिए दो दिनों तक मुफ्त बस यात्रा की सुविधा का आदेश जारी किया गया है। इसके चलते बस स्टैंड पर महिलाओं और अन्य यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। रक्षाबंधन पर महिलाओं की भारी भीड़ के बीच बस स्टैंड पर सरकारी बसें कम और प्राइवेट बसें ज्यादा नजर आईं। यात्रियों को बसों के लिए इंतजार करना पड़ा। ऐसे में सरकार की ओर से महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा के इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।