सिवानी फीडर में न्यू सुल्तानपुर हेड के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब पानी में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। शव को पानी में देख आसपास के लोगों की मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। सदर थाना पुलिस के सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया कि मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर रही है, ताकि लापता व्यक्तियों से संबंधित जानकारी जुटाकर शव की पहचान की जा सके। इसके साथ ही पुलिस द्वारा अपने स्तर पर भी आवश्यक जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। इस दौरान यदि मृतक की पहचान हो जाती है तो परिजनों को सूचना देकर आगामी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी हुई है।