गौशाला, स्वर्ग आश्रम पर स्थित श्री कृष्ण गौशाला में तुड़ी भंडारण के लिए बनाएं गए बड़े गोदाम की दीवार टूटने के कारण तुड़ी गोदाम ध्वस्त हो गया। इससे अब गौशाला में गोवंश के चारे के लिए तुड़ी भंडारण करने की बड़ी समस्या उत्पन्न हो गईं हैं। इसे लेकर गौशाला कमेटी ने सरकार से तुड़ी भंडारण गोदाम के नवनिर्माण के लिए मदद राशि की मांग की है। गौशाला समिति के प्रतिनिधि कांत जैन, ऋषभ जैन, अशोक आदि ने बताया कि गौशाला में तुड़ी भंडारण के लिए दशकों पूर्व बना गोदाम कंडम अवस्था में था। बताया गया है कि गोदाम कंडम स्थिति में होने के कारण बीती रात गोदाम की दीवार टूट गई। इससे गोदाम की छत भी गिर गई। लिहाजा इससे पूरा गोदाम ही ध्वस्त हो गया है। गौशाला समिति के सदस्यों ने बताया कि लगभग बीस वर्ष पुराने उक्त गोदाम में आठ सौ से ज्यादा तुड़ी की ट्रालियां का स्टॉक किया जाता था। इससे अब गोदाम ध्वस्त हो जाने के कारण गौशाला समिति को गोवंश के लिए तुड़ी भंडारण करने की समस्या हो गई है। गौशाला समिति सदस्यों का कहना है कि गोदाम ध्वस्त होने के बाद इतनी बड़ी मात्रा में तुड़ी रखना असंभव है। ऐसे में गौशाला समिति द्वारा गोवंश के चारे के लिए तुड़ी रखने के लिए सरकार से जल्द से जल्द 30 लाख रुपए मदद राशि की मांग की है।