टोहाना। हरियाणा स्टेट लीगल सर्विस अथॉरिटी के निर्देशानुसार टोहाना न्यायिक परिसर में 3 अक्टूबर शनिवार को स्पेशल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह अदालत हालसा पंचकूला के निर्देश और सीजेएम फतेहाबाद के दिशा-निर्देश पर लगेगी। जानकारी लीगल एड सदस्य अधिवक्ता रमेश शर्मा ने दी। अधिवक्ता रमेश शर्मा ने बताया कि लोक अदालत टोहाना की तीनों अदालतों में लगेगी। इसमें मुख्य रूप से चेक बाउंस के लंबित मामलों का निपटारा किया जाएगा। जिन लोगों के चेक बाउंस केस अदालत में लंबित हैं, उनके लिए यह अच्छा अवसर है। वे कोर्ट में आकर आपसी सहमति से कम से कम राशि में अपने मामले का निपटारा करा सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि लोक अदालत में किया गया फैसला दोनों पक्षों की जीत होती है। इसमें कोई पक्ष हारता नहीं है, न ही किसी की मानहानि होती है। दोनों पक्ष सम्मान के साथ कोर्ट से बाहर निकलते हैं। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोग इस अवसर का लाभ उठाएं और अपने मुकदमों का शीघ्र समाधान कराएं।