शहर के खंड पंचायत एवं विकास कार्यालय में चल रहे जिला पुस्तकालय को सोमवार को अचानक नए बस स्टैंड में शिफ्ट करने की तैयारी शुरू हो गई है। ट्रक जब सामान लेने के लिए पहुंचा तो युवाओं ने विरोध शुरू कर दिया और धरना शुरू कर दिया है। युवाओं का कहना है कि जिला पुस्तकालय के लिए नया भवन बनाने की जगह शहर से पांच किलोमीटर दूर बस स्टैंड पर शिफ्ट किया जा रहा है। ऐसे में युवाओं को वहां पर पहुंचने में दिक्कत होगी और आर्थिक नुकसान भी होगा। देर शाम को कैसे लड़कियां वहां पर जाकर पढ़ सकेंगी। ये ही नहीं बस स्टैंड में बसों का शोर रहेगा, ऐसे में युवा पढ़ नहीं बताएंगे। किसी भी कीमत पर लाइब्रेरी को शिफ्ट नहीं होने दिया जाएगा।