फतेहाबाद।शहर में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदूषण ने इस बार पिछले रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। रविवार रात के समय वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 433 तक पहुंच गया। हवा में घुला जहरीला धुआं और धूल लोगों के स्वास्थ्य पर भारी पड़ने लगा है। शहरवासियों को आंखों में जलन, सांस लेने में परेशानी और गले में खराश जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए सोमवार सुबह नगर परिषद की ओर से शहर में एंटी स्मॉग गन चलाकर पानी का छिड़काव करवाया गया, ताकि हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के कणों को कम किया जा सके। हालांकि प्रदूषण का स्तर अधिक होने के कारण इसका असर सीमित नजर आ रहा है। वहीं, जिले में पराली जलाने के मामलों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अब तक पराली जलाने के 14 मामले सामने आ चुके हैं। खेतों में पराली जलने से उठने वाला धुआं भी वातावरण को प्रदूषित कर रहा है। सुबह और रात के समय धुंध व धुएं के कारण स्थिति और गंभीर हो रही है। बढ़ते प्रदूषण ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को अधिक परेशानी हो रही है।