राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि टोहाना खेल हब के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है। यहां बनाए गए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त खेल स्टेडियम में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस स्टेडियम का लाभ प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों के खिलाड़ी भी ले रहे हैं। वे सोमवार को अपने फार्म हाउस पर खिलाड़ियों के एक प्रतिनिधिमंडल से बातचीत कर रहे थे। खिलाड़ियों ने सांसद बराला से मुलाकात के दौरान सरकार की खेल नीतियों की सराहना की। सांसद बराला ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में टोहाना में आधुनिक तकनीक से लैस खेल स्टेडियम बनाया गया। इसके परिणामस्वरूप यहां के खिलाड़ियों ने स्थानीय स्तर से लेकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती अवसर पर 29 से 31 अगस्त तक देश में राष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिता और अन्य खेल आयोजनों का भव्य आयोजन होगा। सांसद ने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे इन आयोजनों में सक्रिय भाग लें और अपने खेल लक्ष्य को प्राप्त करें। सांसद ने कहा कि छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए ग्राम स्तर पर खेल महाकुंभ जैसे आयोजन भी लगातार हो रहे हैं।