रतिया रोड पर सैर से लौट रहे चिकित्सक डॉ. नवीन गोयल से मोबाइल छीनने की वारदात सामने आई है। अज्ञात बाइक सवार तीन युवक उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद डॉक्टर ने उनका पीछा किया, लेकिन आरोपी दमकोरा रोड की तरफ भागने में सफल रहे। डॉ. नवीन गोयल ने बताया कि वह रोज की तरह मार्बल कॉलोनी की ओर सैर के लिए गए थे। रात करीब 8:30 बजे जब वह घर लौट रहे थे और अपनी बेटी से फोन पर बात कर रहे थे, तभी तीन युवकों ने उनका मोबाइल छीन लिया। बदमाशों ने अपने चेहरे ढके हुए थे, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया। शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे। शराब ठेके के कारण बढ़ रही वारदातें डॉ. गोयल ने बताया कि रतिया रोड पर स्थित शराब ठेके के कारण वहां अक्सर लोग खुले में शराब का सेवन करते हैं। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि गश्त होने के बावजूद ऐसे असामाजिक तत्वों पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं होती। इसी कारण इलाके में स्नैचिंग और लूटपाट की घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस ने शुरू की जांच शहर पुलिस ने मामले की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू की है ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।