फतेहाबाद। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने अवैध जल कनेक्शनों को नियमित कराने और उपभोक्ताओं को विभागीय सेवाएं आसानी से उपलब्ध करवाने के लिए रविवार को विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। 13 सितंबर को भट्टू रोड स्थित विभागीय कार्यालय सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक खुला रहेगा। विभाग ने अवैध कनेक्शनों को वैध करने के लिए रोड कट चार्ज भी माफ किए हैं। रविवार को अवैध कनेक्शनों को वैध करवाया जा सकता है। फतेहाबाद में करीब तीन हजार कनेक्शन है। पानी कनेक्शन की एक हजार रुपये और सीवरेज की 500 रुपये फीस रखी गई है। अगर किसी के पास वह भी नहीं है तो 10 रुपये महीना बिल में जुड़वाया जा सकता है। - 10 रुपये प्रतिमाह में कनेक्शन की मंजूरी उपमंडल अभियंता सतपाल रोज ने बताया कि नए घरेलू जल कनेक्शन की स्वीकृति निर्धारित शुल्क 10 रुपये प्रतिमाह के आधार पर दी जा रही है। यह राशि उपभोक्ता के पानी के बिल में जुड़कर आएगी। वहीं, उपभोक्ता 1500 रुपये एकमुश्त जमा कर भी कनेक्शन स्वीकृत करवा सकता है। पहले नए जल कनेक्शन के लिए करीब 10 से 13 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ते थे। नई व्यवस्था से उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि रविवार को उपभोक्ता नए जल कनेक्शन की स्वीकृति, पुराने मंजूर कनेक्शनों पर मीटर लगवाने, कनेक्शन के नाम में बदलाव तथा पेयजल और सीवरेज से संबंधित अन्य कार्य करवा सकेंगे। उपभोक्ताओं को इन कार्यों के लिए सरल केंद्र जाने की भी जरूरत नहीं होगी।